कोरोना से परेशान यात्रियों से पानी का पैसा लिए जाने का विरोध को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने शुक्रवार शाम जालंधर से दरभंगा जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन के यात्रियों को नि: शुल्क पानी व बिस्कुट का पैकेट उपलब्ध कराया। पूर्व में रेलवे द्वारा पानी व बिस्कुट के बदले राशि वसूल की जा रही थी। इसका विरोध यात्रियों ने किया था। यात्रियों से पानी का पैसा लिए जाने के संबंध में दैनिक भास्कर लगातार खबर कर रही है। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने श्रमिकों को फ्री में पानी व बिस्कुट की सुविधा प्रदान की है। जानकारी अनुसार आज आंध्रप्रदेश के निडाडावॉली से 07206 नंबर की ट्रेन दोपहर करीब दो बजे स्थानीय स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन का इंजन बदले जाने के कारण करीब 20 मिनट तक ट्रेन समस्तीपुर में रुकी थी। इस ट्रेन में सवार यात्रियों से पानी बोतल के बदले राशि की मांग की गई। इसके बाद यात्रियों ने नाराजगी व्यक्त की। कुछ यात्रियों ने पानी की खरीदारी की भी। बाद में जलंधर से दरभंगा जा रही 04624 नंबर की ट्रेन को इंजन बदले जाने के लिए स्टेशन पर करीब 20 मिनट तक रुकना पड़ा। इस समय आईआरसीटीसी व रेलवे के वाणिज्य विभाग के कर्मियों ने खुद यात्रियों के बीच पानी बोतल व बिस्कुट नि: शुल्क वितरण किया। रेलवे के इस कार्य की सराहना की जा रही है। सीनियर डीसीएम सह मीडिया प्रभारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि इस दौरान आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय अधिकारी प्रमोद कुमार, डीसीआई दिलीप कुमार आदि उपस्थित थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق