हरियाणा से खगड़िया आने के दौरान श्रमिक स्पेशल ट्रेन में जिस मजदूर की मौत हो गई थी वह कोरोना पॉजिटिव निकला। इसके साथ ही जिले में कोरोना से जिले में मृतकों की संख्या तीन हो गई। 38 वर्षीय मजदूर की गुरुवार सुबह 9 बजे बरौनी के निकट बीहट हॉल्ट के पास मौत हो गई थी। वह 26 मई को ट्रेन में सवार हुआ था।
घटना की जानकारी उसके साथ आ रहे ममेरे भाई ने परिजनों को दी थी। इसके बाद परिजन खगड़िया जंक्शन पहुंचे और जीआरपी को जानकारी दी। शव को मानसी स्टेशन पर ट्रेन से उतारा गया। मृतक अलौली प्रखंड के मोरकाही थाना क्षेत्र के सोनमकी घाट का निवासी था। वह जनवरी में मजदूरी करने हरियाणा गया था। 26 मई को श्रमिक स्पेशल गाड़ी में ममेरे भाई के साथ सवार हुआ। हरियाणा में ही उसे सर्दी और दस्त की शिकायत हो गई थी। बीहट हॉल्ट के समीप अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया था। मानसी में शव का जांच के लिए सैंपल लिया गया था। जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इधर जिले के 10 और लोगों ने कोरोना को मात दी। ये सभी बेलदौर, चौथम, खगड़िया, परबत्ता, चौथम और अलौली के रहने वाले हैं। अब तक कुल 152 कोरोना मरीजों की जिले में पहचान हुई है। इनमें से 81 मरीजों ने कोरोना को मात देकर घर वापसी की है। जबकि कोरोना के चपेट में आने से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार तक जिले से 1367 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें 1321 की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को मिल चुकी है। इन 1321 लोगों में 1120 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

15 मई को हुई थी जिले में कोरोना से पहली मौत

खगड़िया में कोरोना से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। मौत के बाद इन तीनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जहां से सभी लोगों के रिपोर्ट पॉजिटिव आया। जानकारी के अनुसार 15 मई 2020 को खगड़िया में कोरोना से पहली मौत पसराहा निवासी 50 वर्षीय उपेंद्र सिंह की हुई थी। वे अपने परिवार के साथ मुंबई से 13 मई को आए थे। 14 की देर रात अचानक वे बीमार पड़े और अस्पताल जाते-जाते उनकी मृत्यु हो गयी। वहीं दूसरी मौत 17 मई 2020 को मानसी के सैदपुर निवासी 40 वर्षीय मलिक सिंह की बेगूसराय में हुई। वे दिल्ली से ट्रक के माध्यम से खगड़िया आ रहे थे। बेगूसराय के पास उनकी तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उनकी मौत हो गयी। जबकि तीसरी मौत 28 को ट्रेन में 38 वर्षीय पशुपति सदा की हुई। जिले में अब तक 45622 प्रवासियों का आगमन हो चुका है। इसके बाद भी प्रवासियों के आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को सदर अस्पताल में लगभग 40 प्रवासियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। ये सभी लोग तमिलनाडु से खगड़िया पहुंचे थे। इधर 45 हजार प्रवासियों में से 14 हजार प्रवासी को कैम्प क्वारेंटाइन किया गया था। जबकि 7 हजार 992लोगों को होम क्वारेंटाइन किया गया था। 30 हजार 409 प्रवासियों को क्वारेंटाइन से बाहर किया जा चुका है।

कैंप में अव्यवस्था को ले पिपरा पुलिया किया जाम

महेशखूंट| चौथम क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय पिपरा में बने क्वारेंटाइन केंद्र में अव्यवस्था का आरोप लगाकर प्रवासियों ने शनिवार को पिपरा पुलिया को एक घंटे तक जाम किया। बताते चलें कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए बाहर से लौट रहे प्रवासियों के रहने के लिए मध्य विद्यालय पिपरा को क्वारेंटाइन केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र में अव्यवस्था को लेकर प्रवासी मजदूरों ने पिपरा पुलिया को जाम किया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इधर प्रवासियों ने बताया कि क्वारेंटाइन केंद्र के अंदर पानी व सफाई की व्यवस्था नहीं है। कई मजदूरों ने बताया कि इन्हें क्वारेंटाइन केंद्र में सुरक्षा किट भी नहीं दिया गया है। उन्होंने केंद्र में दोनों वक्त भोजन में चावल देने की बात कह कर नाराजगी जाहिर की।

केंद्र से 321 प्रवासियों को छुट्टी

बेलदौर| प्रखंड के अलग-अलग क्वारेंटाइन सेंटर से शनिवार को 321 प्रवासियों को क्वारेंटाइन अवधि पूरा होने पर फिटनेस प्रमाण-पत्र देकर विदा किया गया। मौके पर प्रखंड प्रभारी डीसीएलआर मोहम्मद मुस्तकीम, सीओ अमित कुमार व संबंधित पंचायत के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मौके पर उपस्थित प्रखंड प्रभारी मोहम्मद मुस्तकीम ने प्रवासियों को अगले 7 दिनों तक अपने घरों में क्वारेंटाइन रहने को कहा। जहां एक अोर क्वारेंटाइन अवधि पूरी होने पर प्रवासियों को छुट्टी दी जा रही है, तो दूसरी ओर प्रवासियों का आना जारी है। वहीं रेड जोन एरिया से आए 1214 नए प्रवासी मजदूरों को क्वारेंटाइन में रखा गया है। जबकि प्रखंड में चल रहे 47 क्वारेंटाइन सेंटर में 1636 प्रवासी मजदूर रह रहे हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रवासियों की स्क्रीनिंग करते स्वास्थ्य विभाग के कर्मी।

Post a Comment