जिले में बुधवार को छह नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिसमें तीन होम क्वारेंटाइन और तीन सरकारी क्वारेंटाइन में रह रहे थे। अब जो प्रवासी होम क्वारेंटाइन में रह रहे हैं, उनमें भी कोरोना के संक्रमण मिल रहे हैं। इधर, अग्रसेन क्वारेंटाइन सेंटर से भागे पॉजिटिव युवक को बरारी से वापस लाया गया है। जिला प्रशासन के हवाले से जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने बताया कि अब जिले में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 154 हो गई है। जबकि इनमें से 57 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। अब जिले में कोरोना के 97 सक्रिय मामले हैं। बुधवार को मिले कोरोना पॉजिटिवों में तीन मनसाही और तीन फलका प्रखंड के रहने वाले हैं। सभी कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने वालों की सूची खंगाली जा रही है।


प्रशासन द्वारा पॉजिटिव केस मिलने के बाद संबंधित गांव को कंटेनमेंट जोन में बदलने की तैयारी की जा रही है। 31 मई को मनसाही के कुल नौ व्यक्तियों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था, जिनमें से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन तीन मरीजों में से दो क्वारेंटाइन सेंटर में थे। जबकि एक पॉजिटिव होम क्वारेंटाइन था। होम क्वारेंटाइन से जो पॉजिटिव मरीज मिला है। वह ईद के 2 दिन पूर्व मुंबई से लौटा था। मगर उसने प्रशासन से बाहर से आने की सूचना छिपाई थी। जब तबीयत बिगड़ी तो प्रशासन ने ग्रामीणों की सूचना के बाद एक मेडिकल टीम भेजकर 31 मई को जांच के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज में भेजा। जहां जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।

मुंबई से वापस लौटने के बाद युवक गया था ससुराल, दो अन्य पॉजिटिव दिल्ली से आए थे
बताया जाता है कि वह मुंबई से लौटने के बाद चिलमारा अपने ससुराल भी गया था। उधर, फुलहारा पंचायत के दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों में से एक मध्य विद्यालय गोरगामा एवं दूसरे मध्य विद्यालय बसंतपुर क्वारेंटाइन सेंटर में रह रहे थे। दोनों दिल्ली से एक सप्ताह पूर्व अपने घर पहुंचे थे और एक दिन के बाद से दोनों प्रखंड क्वारेंटाइन सेंटर में रह रहे थे जहां दोनों को तबीयत बिगड़ने के बाद जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां दोनों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। मनसाही में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजोंं की संख्या चार हो गई है।

फलका प्रखंड में दो होम और एक सरकारी क्वारेंटाइन में रह रहे प्रवासी मिले पॉजिटिव
फलका में भी बुधवार को तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें से दो होम क्वारेंटाइन और एक स्कूल में क्वारेंटाइन थे। फलका के होम क्वारेंटाइन मरीज आठ दिन पहले दिल्ली से आया था, जो प्रवासी मजदूर था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वही स्कूल में क्वारेंटाइन व्यक्ति 15 दिन पूर्व दिल्ली से आया था। चौदह दिन की क्वारेंटाइन अवधि पूरा होने से एक दिन पूर्व ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। जांच के लिए भेजा गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

सुरक्षा कर्मी को चकमा देकर क्वारेंटाइन सेंटर से भागा पॉजीटिव पहुंचा था बरारी
कटिहार अग्रसेन भवन से एक कोरोना पॉजिटिव युवक सुरक्षाकर्मी को चकमा देकर मंगलवार को बरारी पहुंच गया। 22 वर्षीय युवक बारीनगर का है। उसे कटिहार के अग्रसेन भवन में रखा गया था। मंगलवार को बरारी रेफरल अस्पताल से डिस्चार्ज लोगों को लाने एक एम्बुलेंस गई थी। इसी दौरान युवक सुरक्षा कर्मी को चकमा देकर एम्बुलेंस से बरारी घर आ गया। सूचना पर थानाध्यक्ष एवं रेफरल अस्पताल की मेडिकल टीम युवक को अग्रसेन भवन ले गए। प्रमुख प्रतिनिधि व ग्रामीणों के समझाने पर युवक जाने को तैयार हुआ। प्रभारी डॉ. मुशर्रफ हुसैन ने कहा कि पॉजिटिव युवक को वापस क्वारेंटाइन में भेजा गया है। युवक बड़ोदरा से चार-पांच दिन पहले गांव आया था और रिपोर्ट पॉजिटव आने पर उसे कटिहार के अग्रसेन भवन में रखा गया था।

57 संक्रमित हुए स्वस्थ, जिलाधिकारी की मौजूदगी में ताली बजाकर विदा किए गए
जिले के 57 लोगों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। एक होटल से डीएम की उपस्थिति में मरीज के स्वस्थ होने के बाद ताली बजाकर भेजा गया। डीएम के तनुज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का अथक प्रयास का परिणाम है कि अब तक 57 लोगों को कोरोना से मुक्ति मिल चुकी है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रवासियों को जांच के लिए एंबुलेंस लेकर लेने आई स्वास्थ्य विभाग की टीम।

Post a Comment