पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने पिछले 24 घंटे में राज्य के अधिकांश शहरों का तापमान तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया। सर्द हवाओं की गति 16 से 22 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जिससे आम लोगों को काफी कनकनी महसूस हुई। पटना के अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।
पटना में अधिकतम पारा सामान्य से 5 डिग्री से अधिक कम रहने और न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस से कम होने से कोल्ड डे जैसे हालात बन गए हैं। दो दिन तक यही स्थिति रही तो कोल्ड डे घोषित हो जाएगा। सबसे अधिक गया में न्यूनतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस गिरावट आई।
मौसम वैज्ञानिक रवींद्र कुमार ने बताया कि सूबे में जमुई सबसे ठंडा जिला रहा। शुक्रवार को यहां का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस कम है।
वहीं, न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, गया में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम 5.1 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा मुंगेर और डिहरी का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रहा।
और बढ़ेगा ठंड का प्रकोप, कोहरे से मिलेगी निजात
मौसमविदों का कहना है कि पहाड़ों से 12 से 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलकर ठंडी हवाओं का एक झोका फिर से बिहार में प्रवेश करेगा, जिसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अभी और गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि आसमान साफ होने के कारण कोहरे से लोगों को मुक्ति मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम में ज्यादा ठंड का अहसास होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق