संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के प्रांगण में मंगलवार को सर्जना न्यास एवं संभावना विद्यालय के तत्वावधान में चार दिवसीय भोजपुरी चित्र कार्यशाला, आव रंग भरल जाओ का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के प्रबंध निदेशक डा कुमार द्विजेन्द्र, प्राचार्या डा अर्चना सिंह, साहित्यकार जनार्दन मिश्र, भोजपुरी रंगकर्मी कृष्णेन्दु यादव, चित्रकार राकेश कुमार दिवाकर, प्रशिक्षक-चित्रकार संजीव सिन्हा और संस्कृतिकर्मी सुनील पांडेय ने उद्घाटन किया। मंच संचालन विद्यालय के उप प्राचार्य राघवेन्द्र वर्मा ने किया। अपने संबोधन में प्राचार्या डा अर्चना सिंह ने कहा कि भोजपुरी चित्र कार्यशाला का आयोजन भोजपुरी संस्कृति के प्रोत्साहन में मील का पत्थर साबित होगी। वहीं समाज विकसित और प्रगतिशील हो सकता है, जो अपनी संस्कृति और भाषा के संरक्षण में सक्षम है। कुमार द्विजेन्द्र ने कहा कि संभावना विद्यालय भाषा-संस्कृति के संवर्धन के लिए कार्य करता रहा है। यह कार्यशाला भी बच्चों के रचनात्मक विकास में सहयोग के साथ साथ भोजपुरी संस्कारों से भी परिचय करवाएगी। साहित्यकार जनार्दन मिश्र ने मंच से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। संस्कृति कर्मी सुनील पांडेय ने प्रतिभागियों को भोजपुरी कला से परिचय करवाते हुए कहा कि भोजपुरी चित्रकला दरअसल लेखन शैली है। प्रकृति के रंगों से इसका गहरा सम्बन्ध है। चित्रकार राकेश कुमार दिवाकर ने अपने सम्बोधन में लोककला और शास्त्रीय कला के बीच के अंतर को बताया और भोजपुरी लोककला की विशेषताओं को रेखांकित किया। मौके पर संयोजक रवि प्रकाश सूरज, दीपक कुमार सिंह, शशिभूषण, विष्णु शंकर सहित कई लोग मौजूद थे। भोजपुरी चित्रकार संजीव सिन्हा ने कहा कि यह कार्यशाला 28 दिसंबर तक विद्यालय में आयोजित होगी और समापन समारोह में अमेरिका से आई चर्चित भोजपुरी गायिका स्वस्ति पांडेय भाग लेंगी। 30 दिसंबर को प्रतिभागियों द्वारा बनाये चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिसका उद्घाटन कला व संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार 30 दिसंबर को करेंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

Post a Comment